तारुन/रुदौली। पनभरिया गांव में फसल की सुरक्षा के लिए खेत में लगाए गए झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से 70 वर्षीय सदासहाय की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को सदासहाय अपने घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित धान के खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वह खेत में लगाए गए झटका मशीन के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। भैरवपट्टी निवासी एक व्यक्ति ने डायल-112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से कोई शिकायती प्रार्थनापत्र नहीं दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
झटका मशीन से पहले भी जा चुकी दो जान
क्षेत्र में झटका मशीन के करंट से मौत का यह पहला मामला नहीं है। तीन फरवरी को रुदौली के गौरी का पुरवा मजरे फिरोजपुर मखदूमी में 40 वर्षीय रज्जन लाल की करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। इसके बाद 15 मई को बाबा बाजार क्षेत्र में 55 वर्षीय संतोष यादव की भी झटका मशीन के करंट से जान चली गई थी।
कटीले तार की अनुमति, झटका मशीन पर रोक
रुदौली एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों में केवल कटीले लोहे के तार लगाने की अनुमति है। ब्लेडदार तार के इस्तेमाल पर भी रोक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झटका मशीन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध है।