डाभासेमर स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता में गोल करने के लिए थ्रो करती
अयोध्या। डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला बास्केटबॉल व हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
हैंडबॉल में अयोध्या मंडल ने सहारनपुर को 14-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लखनऊ ने प्रयागराज को 14-11 तथा आगरा को 6-0 से पराजित किया। वहीं गोंडा ने सहारनपुर को 8-2 और मेरठ ने आजमगढ़ को 10-9 से शिकस्त दी। हैंडबॉल के क्वार्टर फाइनल में अयोध्या, मिर्जापुर, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, देवीपाटन (गोंडा), लखनऊ और कानपुर मंडल की टीमें पहुंच गई हैं।
बास्केटबॉल में अलीगढ़ ने बरेली को 16-10 से हराया, जबकि बस्ती ने चित्रकूट को 17-0 से एकतरफा मुकाबले में मात दी। एक अन्य मुकाबले में आजमगढ़ ने मिर्जापुर को पराजित किया। बास्केटबॉल के क्वार्टर फाइनल में मेरठ, बस्ती, आगरा, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी और अलीगढ़ मंडल ने स्थान बनाया।
प्रतियोगिता का संचालन क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना की देखरेख में कराया जा रहा है। प्रतियोगिता का समापन 29 जुलाई को होगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।