अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज में बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को टक्कर मार दी। भागने के दौरान चालक ने नगर कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर में एक बुजुर्ग को भी चपेट में ले लिया। कुछ दूर जाने पर कार नाले में फंस गई, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सहादतगंज में हादसे में बहराइच के मोतीपुर निवासी उत्कर्ष (21) और प्रतापगढ़ के केतकारपुर निवासी अंकुश यादव (22) घायल हुए। खोजनपुर में कैंट क्षेत्र के गद्दोपुर निवासी जगदीश सिंह (65) को टक्कर लगी। स्थानीय लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अंकुश को गंभीर चोटों के चलते प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया। उत्कर्ष और जगदीश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जगदीश की जांघ की हड्डी टूट गई है और सिर व सीने में भी चोटें आई हैं।
नगर कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि कार अयोध्या आरटीओ कार्यालय में एक प्लाईवुड कंपनी के नाम पंजीकृत है। वाहन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है और चालक की तलाश जारी है।