अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र में कुढ़ा सादात मार्ग के किनारे मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बाराबंकी निवासी व्यक्ति की हत्या उसकी पत्नी ने जमीन अपने नाम कराने की लालच में अपने प्रेमी से कराई थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली है।
बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 12 जुलाई को कुढ़ा सादात लिंक रोड के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात शव मिला था। शव पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने पर जांच का दायरा बढ़ाया गया। प्रभारी निरीक्षक रुदौली संजय मौर्या और उनकी टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरे ठोड़ी मजरे पैगंबरपुर निवासी देवेंद्र कुमार वर्मा (48) के रूप में की।
विवेचना के दौरान पता चला कि मृतक और उसकी पत्नी की उम्र में काफी अंतर था। वर्ष 2023 में देवेंद्र की शादी 27 वर्षीय शुभांगिनी से हुई थी। शादी के बाद से ही जमीन अपने नाम कराने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान शुभांगिनी के बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र निवासी विपिन वर्मा से प्रेम संबंध हो गए। दोनों ने मिलकर देवेंद्र की हत्या की साजिश रची।
11 जुलाई को रची गई साजिश
एसएसपी ने बताया कि 11 जुलाई को शुभांगिनी के कहने पर विपिन, देवेंद्र को अयोध्या घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला। रास्ते में सुनसान स्थान पर उसने बाइक रोकी और देवेंद्र को चलाने के लिए कहा। जैसे ही वह आगे बैठा, विपिन ने हथौड़ी से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी और शव को कुढ़ा सादात मार्ग के किनारे झाड़ियों में छिपाकर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरे घटनाक्रम की परतें खोल दीं। इसके बाद पुलिस ने शुभांगिनी और विपिन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।