अयोध्या। जिला अस्पताल में भर्ती दो साल के बच्चे के इलाज में घोर लापरवाही हुई। परिजनों के बार-बार आग्रह पर भी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी वार्ड में झांकने तक नहीं आए। दबाव बनाने पर पिटवाने की धमकी देकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में रुदौली के सरैठा, पुरांय निवासी अच्छेलाल ने बताया कि उनके पौत्र दीपक गुप्ता (02) को दो अक्तूबर की शाम करीब 07:30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज शुरू होने के बाद भी उसकी तबियत बिगड़ने लगी। बच्चे को देखने के लिए उन्होंने कई बार चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों ने आग्रह किया, लेकिन वह लोग अनसुना करते रहे।
अधिक दबाव बनाने पर चार अक्तूबर की रात 01:30 बजे उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया। नौ अक्तूबर को बच्चे की मौत हो गई। बताया कि जिला अस्पताल में बच्चे के इलाज में घोर लापरवाही की गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने धमकी दी कि ''ज्यादा नेतागीरी करोगे तो वाचमैन से अंदर करवाकर पिटाई कराएंगे।''
तीन सदस्यीय कमेटी कर रही जांच : सीएमओ
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान ने बताया कि शिकायती पत्र का संज्ञान लिया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके गुप्ता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी में उनके साथ जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी व डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी शामिल हैं। पांच दिन में जांच आख्या मांगी गई है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।