20- अवध विश्वविद्यालय में दीपोत्सव को लेकर बैठक करते कुलपति व अन्य -विवि
अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में आयोजित बैठक में आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कुलपति ने कहा कि इस वर्ष 26,11101 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगभग 28 लाख दीप बिछाए जाएंगे। आयोजन में सहयोग के लिए 32 हजार से अधिक स्वयंसेवकों का पंजीकरण किया जाएगा। घाटों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर जिम्मेदारी तय होगी। बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े महाविद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों व प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। कुलपति ने निर्देश दिया कि छोटे बच्चों को स्वयंसेवक न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों को छोटे-छोटे बिंदुओं पर ध्यान देना होगा। हमें इस आयोजन में तकनीक का प्रयोग करना होगा। स्वयंसेवकों को लाने ले जाने के लिए वाहनों के उचित प्रबंध पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र, साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दान पति तिवारी, डीआईओएस पवन कुमार तिवारी सहित अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।