भेलसर। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ी। डीएम शशांक त्रिपाठी की मौजूदगी में 181 शिकायतों में से 23 का मौके पर निस्तारण किया गया।
डीएम करीब 12:10 बजे तहसील पहुंचे। भीड़ इतनी कि तहसीलदार विजय गुप्ता ने दोपहर दो बजे तक बाहर ही प्रार्थना पत्र लिए। सूफियाना के मकसूद आलम ने जमीन से तीन-चार फीट ऊपर लटकते केबलों से हादसे की आशंका जताई। कहा कि पूर्व में शिकायत के बावजूद खंभे नहीं लगाए गए। डीएम ने नाराजगी जताते हुए रुदौली के अवर अभियंता रितेश वर्मा का वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विधायक रामचंद्र यादव समेत कई जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।
सोहावल में 134 शिकायतों में नौ का निस्तारण
सोहावल। तहसील सभागार में शिकायत सुन रहे एडीएम गजेंद्र सिंह के समक्ष 134 ने प्रार्थनापत्र आए। नौ का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक मामले राजस्व और पुलिस प्रशासन से जुड़े रहे जिन्हें लेकर टीम के जरिए निस्तारण के निर्देश दिए गए है। एसडीएम आदित्य विक्रम अग्रवाल, तहसीलदार प्रदीप सिंह आदि अधिकारी शामिल रहे।
सीडीओ ने लेखपाल को लगाई फटकार
बीकापुर। सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह के समक्ष 90 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। एक बार फिर पातूपुर दोहरी के 90 वर्षीय राम तेज वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उनकी चार बिस्वा जमीन फर्जी आदेश से दूसरे खाते में मिला ली गई है। एक साल से शिकायतें अनसुनी होने की बात कही। सीडीओ ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को फटकार लगाई। उन्होंने पैमाइश कराकर मामले के निस्तारण का निर्देश दिया।
मिल्कीपुर में 200 में 15 को मिला समाधान
मिल्कीपुर। एडीएम प्रशासन विशु राजा की अध्यक्षता में 200 शिकायतें सुनी गईं। 15 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एडीएम के साथ एसडीएम पवन शर्मा व सीओ पीयूष ने शिकायतों को सुना। कुंभी की नीलम ने लटकते बिजली तारों को खतरा बताया तो परसपुर सथरा के दूधनाथ ने सीएचसी हैरिंगटनगंज में रजिस्ट्रेशन शुल्क एक रुपये की जगह दो रुपये वसूलने की बात कही। एडीएम प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश सीएचसी अधीक्षक को दिया।