अयोध्या। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह व उनके प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शनिवार को मुलाकात किया। बीकापुर विधायक डॉ़ अमित सिंह चौहान व उनकी माता पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।
मिल्कीपुर विजय के बाद पहली बार मुख्यमंत्री से जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुलाकात किया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने बताया कि मुलाकात के दौरान अयोध्या जनपद के ग्रामीणांचल में चल रही विकास की योजनाओं को और गतिशील बनाने तथा योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर चर्चा हुई। अयोध्या के परिक्षेत्र में जो धार्मिक महत्व के स्थल विकास से छूटे है उन्हें सूचीबद्ध कर समुचित विकास करवाने के विषय में मुख्यमंत्री ने मार्गदर्शन दिया।
वहीं बीकापुर विधायक डॉ़ अमित सिंह चौहान ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री जी से विधानसभा क्षेत्र बीकापुर के महत्वपूर्ण सड़क महोली-बड़ागांव-ड्योढ़ी मार्ग के अवशेष भाग के चौड़ीकरण उच्चीकरण, मुबारकगंज पिलखावा मार्ग के नवनिर्माण की मांग की। इसके अलावा धेमवा घाट की सड़क का निर्माण सहित बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में मिनी स्टेडियम,भरत जी की तपोस्थली भरतकुंड के जीर्णोद्धार आदि की मांग की।