मतदाता जागरुकता के लिए जीआईसी से निकली रैली में शामिल महिलाएं।-संवाद
अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज से डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय तक मानव श्रृंखला बनाई गई। साथ ही दिव्यांगजनों और महिलाओं ने पिंक रैली निकाली। इनके माध्यम से जिले के मतदाताओं को 20 व 25 मई को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अनिवार्य रूप से मतदान कर लोकतंत्र के प्रति सर्वोपरि कर्तव्य के निर्वहन का संदेश दिया गया।
मानव श्रृंखला में विभिन्न स्कूलों के बच्चों, अध्यापकों व स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और अन्य नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर मतदाता जागरूकता के स्लोगनों के साथ प्रतिभाग किया। इनकी संख्या 10,000 से अधिक रही। दिव्यांग रैली एवं महिलाओं की पिंक रैली को डीएम नितीश कुमार, एसएसपी राजकरण नय्यर, व्यय प्रेक्षक व पुलिस प्रेक्षक ने जीआईसी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रैलियों का समापन अवध विश्वविद्यालय के प्रांगण में स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास हुआ।
स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में मतदाता जागरूकता सभा आयोजित हुई। इसमें मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज, कनौसा कॉन्वेंट स्कूल व साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों व एनआरएलएम समूह की दीदियों ने मतदाता जागरूकता से संबंधित गीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किए।
डीएम ने कहा कि यह चुनाव का पर्व है। इस मौके पर मतदान के लिए बढ़-चढ़कर प्रतिभागी करें। अपने मत का प्रयोग बहुत ही तार्किक तरीके से करें। सभी लोग स्वयं भी मतदान करें और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी व स्वीप प्रभारी ऋषिराज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्वाति शर्मा, जिला विकास अधिकारी उपेंद्र पाल व बीएसए संतोष राय समेत अन्य मौजूद रहे।