श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट देश-विदेश में रहने वाले भक्तों के लिए घर बैठे रामलला की नित्य सेवा में जुड़ने हेतु ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने जा रहा है। ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर पोशाक अर्पण, बालभोग और राजभोग की सेवा के विकल्प एक ही मंच पर मिलेंगे, जिससे श्रद्धालु बिना अयोध्या आए भी दैनिक सेवा में सहभागी बन सकेंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अयोध्या में रामलला की सेवा के लिए अब श्रद्धालुओं को अयोध्या आने की अनिवार्यता नहीं होगी। देश-विदेश में रहने वाले रामभक्त भी घर बैठे रामलला की नित्य सेवा में अपनी भागीदारी निभा सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने जा रहा है। इसके माध्यम से श्रद्धालु रामलला को पोशाक अर्पित करने के साथ ही बालभोग और राजभोग की सेवा भी समर्पित कर सकेंगे।
विज्ञापन
पिछले दिनों ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। महासचिव स्वामी गोविंद देवगिरि की अध्यक्षता में हुई बैठक में रामलला की नियमित सेवा से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने पर सहमति बनी। इसके लिए ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। व्यवस्था शुरू होने के बाद श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सेवा का विकल्प चुन सकेंगे। ट्रस्ट की वेबसाइट पर व्यवस्था विकसित होने के बाद पोशाक अर्पण और भोग समर्पण की प्रक्रिया एक ही मंच पर उपलब्ध होगी।
बालरूप की सेवा से राजभोग तक जुड़ सकेंगे भक्त
ऑनलाइन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को रामलला के लिए बालभोग और राजभोग समर्पित करने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए ट्रस्ट की ओर से अलग-अलग सेवा विकल्प और निर्धारित धनराशि तय की जाएगी। वेबसाइट पर भोग से संबंधित जानकारी और सेवा में सहभागिता की प्रक्रिया उपलब्ध होगी। इस पहल का उद्देश्य रामलला की नियमित सेवा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सहभागी बनाना है। इससे अयोध्या से दूर रहने वाले भक्त भी मंदिर की दैनिक पूजा-सेवा से जुड़ सकेंगे।