अयोध्या। रामलला को पोशाक अर्पित करने के लिए अब श्रद्धालुओं को अयोध्या आने की अनिवार्यता नहीं होगी। देश-विदेश में रहने वाले रामभक्त भी घर बैठे अपनी श्रद्धा के अनुसार रामलला के लिए वस्त्र तैयार कराकर अर्पित कर सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इसके लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इस व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालु मंदिर की परंपरा और निर्धारित मानकों के अनुरूप पोशाक तैयार कराकर रामलला की सेवा में समर्पित कर सकेंगे।
राम मंदिर की धार्मिक समिति ने तय किया है कि वेबसाइट पर रामलला को अर्पित की जाने वाली पोशाकों के अलग-अलग नमूने उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें वस्त्रों का आकार, नाप, कपड़े की गुणवत्ता और अन्य जरूरी मानकों की जानकारी दी जाएगी। श्रद्धालु इन मानकों को देखकर अपनी पसंद के अनुसार पोशाक तैयार करा सकेंगे। रामलला के वस्त्रों के चयन में मौसम का विशेष ध्यान रखा जाएगा। गर्मी और सर्दी के लिए अलग-अलग पोशाकों के नमूने वेबसाइट पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें सूती और रेशमी वस्त्रों के विकल्प शामिल होंगे। मौसम के अनुकूल कपड़े और निर्धारित डिजाइन के आधार पर पोशाक तैयार कराने की सुविधा मिलेगी। इससे श्रद्धालुओं को यह समझने में आसानी होगी कि किस मौसम में किस तरह के वस्त्र रामलला को अर्पित किए जा सकते हैं।
खुद तैयार कराकर या धनराशि देकर बनेंगे सहभागी
अब रामलला के पोशाक अयोध्या में ही तैयार कराए जाते हैं, पहले पोशाक मशहूर डिजाइन मनीष त्रिपाठी दिल्ली की ओर से तैयार कर भेजे जाते थे, अब यह व्यवस्था बंद कर दी गई है। पोशाक अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं को दो तरह के विकल्प दिए जाने की तैयारी है। वे वेबसाइट पर उपलब्ध नमूनों और मानकों के अनुसार स्वयं पोशाक तैयार कराकर ट्रस्ट को अर्पित कर सकेंगे। इसके अलावा निर्धारित धनराशि जमा कर भी पोशाक सेवा में सहभागी बन सकेंगे। इस तरह अयोध्या से दूर रहने वाले भक्त भी रामलला की पोशाक सेवा से जुड़ सकेंगे।