अयोध्या। राम मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालु अब मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर अपना फीडबैक दे सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन वीआईपी दर्शन पास बनवाकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा शुरू की है। इसके तहत श्रद्धालु दर्शन के बाद ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करने के साथ व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सुझाव भी दे सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच अक्तूबर से शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत वेबसाइट पर फीडबैक का विकल्प दिया गया है। ऑनलाइन पास के माध्यम से दर्शन करने वाले श्रद्धालु निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी प्रतिक्रिया साझा कर सकते हैं। वे दर्शन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं से जुड़े अनुभव ट्रस्ट तक पहुंचा सकेंगे।
राम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी प्रतिक्रियाएं दर्शन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने में मददगार हो सकती हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार, श्रद्धालुओं ने फीडबैक देना भी शुरू कर दिया है।