कनाडा से दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे श्रद्धालु।
अयोध्या। कनाडा में चार दशक से रह रहीं मीना ठकरानी का वर्षों पुराना संकल्प रविवार को पूरा हुआ। कनाडा से खास तौर पर अयोध्या पहुंचीं मीना ठकरानी ने अपनी सहेलियों के साथ राममंदिर में रामलला और राजा राम के दर्शन किए। दर्शन के बाद सभी ने मंदिर की परिक्रमा की और जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
भावुक मीना ठकरानी ने मंदिर की सीढ़ियों को चूमा और सीढ़ियों पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया। कहा कि अब अयोध्या राम की लगती है। मीना ठकरानी ने कहा कि वह राममंदिर के दर्शन के लिए कनाडा से खास तौर पर अयोध्या आई हैं। जब से अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, तभी से उनका संकल्प था कि भारत आने पर सबसे पहले अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगी।
बताया कि कनाडा में उनका पूरा परिवार प्रतिदिन सुबह रामधुन और हनुमान चालीसा सुनने के बाद ही घर से बाहर निकलता है। मीना ठकरानी मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं और पिछले करीब 40 वर्षों से अपने परिवार के साथ कनाडा में रह रही हैं। अयोध्या पहुंचने पर सिंधी समाज के प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी ने मीना ठकरानी और नकी सहेलियों शालू ठकरानी, अनीता मनवानी, दिव्या चावला, विमला मनवानी और भारती देवी का रामनामी ओढ़ाकर स्वागत किया।