सोमवती अमावस्या पर सरयू नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
अयोध्या। ज्येष्ठ माह की सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर रामनगरी में सरयू स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस बार ज्येष्ठ माह में अधिमास (पुरुषोत्तम मास) होने के कारण सोमवार के दिन अमावस्या का बेहद दुर्लभ और विशेष संयोग बना। यही वजह रही कि रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का रामनगरी पहुंचना शुरू हो गया।
रविवार को रामलला के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रविवार रात मंदिर में दर्शन का समय 15 मिनट तक बढ़ाया गया। पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने दर्शन पथ पर पहुंचकर भीड़ नियंत्रण में भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इसी तरह भीड़ बढ़ती रही तो दर्शन का समय बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। बताया कि करीब सवा लाख भक्तों ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। वहीं सोमवार को भी सुबह से ही दर्शन पथ पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। सोमवार तड़के सरयू के घाटों पर श्रद्धालुओं के जयघोष गूंजने लगे। पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं का जत्था मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए रवाना होने लगा। राम मंदिर समेत हनुमानगढ़ी, कनकभवन व नागेश्वरनाथ में भी श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। देर शाम सरयू तट पर मां सरयू की महाआरती में भी श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मनौती मांगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सोमवती अमावस्या के साथ ही पुरुषोत्तम मास का समापन हो गया है और अब शुद्ध ज्येष्ठ मास का पदार्पण होगा। जिसका समापन 29 जून को होगा।