अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दर्शन-पूजन के लिए दिल्ली से आए एक श्रद्धालु परिवार के सात हजार रुपये गुम हो गए। घटना हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में उस समय हुई जब परिवार दर्शन और प्रसाद अर्पित करने पहुंचा था। रुपये गायब होने की जानकारी मिलने पर परिवार परेशान हो गया और मंदिर परिसर में ही मदद की गुहार लगाने लगा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी ऊषा कुमारी अपने परिवार के साथ हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के लिए आई थीं। पीड़िता के अनुसार उनके पति मुकेश कुमार की जेब में रखे करीब सात हजार रुपये कहीं गिर गए, जिसकी जानकारी बाद में हुई। रुपये न मिलने पर परिवार चिंतित हो गया क्योंकि उनके पास दिल्ली वापस लौटने के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं बची थी।
घटना के बाद पीड़िता निकासी द्वार के पास रोते हुए अपनी समस्या लोगों को बताने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाना रामजन्मभूमि में शिकायत देने की सलाह दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर रुपये गुम होने की जानकारी दी।
थाना रामजन्मभूमि प्रभारी सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।