अमानीगंज। विकास खंड के सभागार में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इस बैठक में क्षेत्र के विकास के लिए 5.45 करोड़ रुपये की कार्य योजनाओं का प्रस्ताव पारित किया गया। कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की, जिसके बाद बीडीओ सूर्य प्रकाश मिश्र ने अनुपस्थित विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
विधायक चंद्रभानु पासवान ने सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण कराया जाएगा और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह ने कृषि विभाग से किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री ऑनलाइन कराने का आग्रह किया ताकि लोगों को भटकना न पड़े। आपूर्ति एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी बीडीओ ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सहायक विकास अधिकारी कृषि राजकुमार सिंह की अनुपस्थिति पर बीडीओ ने उप निदेशक कृषि पीके कनौजिया को अवगत कराया, जिन्होंने एक दिन का वेतन रोकने की बात कही।
प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पवन पांडेय ने ग्राम प्रधानों के तीन वर्ष से लंबित लाखों रुपये के भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भुगतान न होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य मिशन यादव ने राशन कार्ड में यूनिट काटने और फिर जोड़ने के लिए अवैध वसूली की शिकायत की। उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। पाकड़पुर के सफाई कर्मचारी राजकुमार के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।