अयोध्या। जिले की 39 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत सहायकों की तैनाती की गई है। ग्राम पंचायतों की प्रशासनिक समिति की ओर से श्रेष्ठता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन करते हुए नामों की सूची विकास खंड स्तरीय समिति के माध्यम से जिला स्तर पर उपलब्ध करवाई गई थी। विकास खंड स्तरीय समिति के माध्यम से प्रस्तुत प्रस्ताव पर जनपद स्तरीय समिति ने पात्रता और अर्हता का परीक्षण किया। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे की संस्तुति के बाद इन्हें शुक्रवार को ग्राम पंचायतों में तैनाती दे दी गई। सबसे ज्यादा सात पंचायत सहायक सोहावल, छह-छह हैरिंग्टनगंज और मसौधा, पांच तारुन, चार-चार मया बाजार व रुदौली, दो-दो बीकापुर, मिल्कीपुर व पूरा बाजार और एक पंचायत सहायक की तैनाती अमानीगंज ब्लाॅक की ग्राम पंचायत में की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि इन सभी पंचायत सहायकों को छह हजार प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।