मिल्कीपुर। प्रोत्साहन राशि व मानदेय बढ़ाने की मांग के समर्थन में आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धरना-प्रदर्शन किया। मांगों से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अमानीगंज को सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि उनके काम के अनुरूप नहीं है।
वे दिन-रात ग्रामीणों की सेवा करती हैं। गर्भवती महिलाओं और नवजात की देखभाल से लेकर जनस्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन तक पूरी जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन सरकार उनकी मेहनत का उचित सम्मान नहीं कर रही है। धरने में आशा संगनियों ने 28 हजार और आशा बहुओं ने 18 हजार रुपये मासिक मानदेय व राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे जिला से प्रदेश स्तर तक आंदोलन करेंगी।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थाना इनायत नगर के उप निरीक्षक अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आशा संगनियों और आशा बहुओं की समस्याएं सुनीं और ज्ञापन प्राप्त कर सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान आशा संगिनी श्रीमती, आशा यादव, गीता पाठक, आशा कार्यकर्ता आरती सिंह, उमा श्रीवास्तव, लता सिंह, पुष्पा मिश्रा व रेखा देवी मौजूद रहीं।
मानदेय भुगतान में देरी पर आशा बहुओं का प्रदर्शन
पूरा बाजार। लंबे समय से रुके हुए मानदेय और वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को आशा बहुओं और संगनियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आशा बहू संघ की पदाधिकारियों ने अधीक्षक डॉ. सुनील चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। संघ की जिला अध्यक्ष माया पांडेय ने कहा कि पिछले चार महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है।
चार माह से नहीं मिला मानदेय
तारुन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को आशा बहुओं और संगिनियों ने मानदेय भुगतान और वेतनवृद्धि सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। कंचनलता दुबे, मधु सिंह, सविता सिंह, सुमन और मंजू सिंह ने बताया कि पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिला है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
01- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरा बाजार में धरना-प्रदर्शन करतीं आशा बहु व अन्य- संवाद