राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट पदाधिकारियों के इस्तीफे की मांग की गई। युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ने राम जन्मभूमि थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के अयोध्या स्थित राम मंदिर की दान पेटिकाओं में कथित अनियमितता का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब इस विवाद में कांग्रेस भी खुलकर सामने आ गई है। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने राम जन्मभूमि थाने में लिखित तहरीर देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर भी सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
शरद शुक्ला ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही एसआईटी का स्वागत करते हैं, क्योंकि यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। हालांकि, उन्होंने वर्ष 2022 में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी एसआईटी गठित की गई थी। प्रधानमंत्री से मांग की कि जांच पूरी होने तक ट्रस्ट में बैठे लोगों की शक्तियां तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाएं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जब किसी संस्था के पदाधिकारी अपने पद पर बने रहते हैं तो निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में जांच पूरी होने तक संबंधित लोगों को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। बार-बार एक ही प्रकार के आरोप सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
युवा कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राम मंदिर से जुड़े इस विवाद की चर्चा देश के विभिन्न राज्यों में हो रही है। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रभारी निरीक्षक को दी गई तहरीर में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, राम मंदिर की दान पेटिकाओं में कथित अनियमितता के मामले की जांच एसआईटी द्वारा लगातार की जा रही है। जांच टीम राम जन्मभूमि परिसर में संबंधित दस्तावेजों और कर्मचारियों से पूछताछ कर तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।