अयोध्या। धनतेरस और दिवाली पर खरीदारी के लिए सराफा बाजार में नए कलेक्शन उतारे गए हैं। पिछले साल की तुलना में सोने के भाव में छह प्रतिशत से अधिक की तेजी के बीच हल्के वजन के आभूषण ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। गोल्ड, डायमंड और सिल्वर ज्वेलरी में पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइनों तक के विकल्प उपलब्ध हैं। कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में छूट और गोल्ड रेट ऑफर भी शुरू किए हैं।
ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स के सुयश अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए ट्रेडिशनल और मॉडर्न डिजाइन के हल्के वजन वाले आभूषण पेश किए गए हैं। सोने के भाव में आई कमी का लाभ उठाते हुए ग्राहक मौजूदा दर पर सोना बुक करा रहे हैं।
तनिष्क के स्टोर मैनेजर अमित कुमार यादव ने बताया कि ग्राहक बेस्ट गोल्ड रेट ऑफर पसंद कर रहे हैं। अध्यांतरा कलेक्शन को लेकर खास आकर्षण है। ग्राहक इसके आभूषणों की एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं। साथ ही मेकिंग चार्ज में छूट दी जा रही है।
ओपी ज्वैलर्स के आलोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों के लिए सोने, चांदी, डायमंड और प्लैटिनम ज्वेलरी के नए कलेक्शन पेश किए गए हैं। डायमंड ज्वेलरी के मेकिंग चार्ज पर 100 प्रतिशत तक और सोने-चांदी के आभूषणों के मेकिंग चार्ज पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। प्रत्येक खरीद पर एक वर्ष का निशुल्क ज्वेलरी इंश्योरेंस दिया जा रहा है। खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए स्कूटी जीतने का लकी ड्रॉ भी रखा गया है।
सुंदर लाल राम रघुबीर लाल सराफा के अर्पित अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहक अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। हल्के वजन के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की मांग भी बनी हुई है। धनतेरस पर खरीदारी को लेकर बाजार में उत्साह है।