अयोध्या। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने बृहस्पतिवार को सब्जी मंडी चौक पहुंचकर ध्वस्तीकरण से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की। दुकानदारों के साथ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से मुलाकात कर मांगें रखीं। पूर्व मंत्री ने प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने के साथ रोजगार दोबारा शुरू करने के लिए स्थायी और उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे दुकानदार अपना कारोबार फिर शुरू कर परिवार का भरण-पोषण कर सकेंगे।
तेज नारायण पांडेय ने आरोप लगाया कि बिना नोटिस लोगों के घर और दुकानें ध्वस्त की जा रही हैं।सब्जी मंडी चौक में कई दुकानदार लंबे समय से कारोबार कर रहे हैं। कई परिवार पीढ़ियों से यहां दुकानें लगाकर आजीविका चला रहे हैं। दुकानों के हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सपा प्रवक्ता राकेश यादव के अनुसार, इस दौरान महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, शावेज जाफरी, शादाब खान, संजीत सिंह, नूर बाबू, जीशान आदि मौजूद रहे।