अयोध्या। बस्ती में तैनात दरोगा अजय कुमार गौड़ की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है। अखिल भारतीय गोंड महासभा ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषितकर इस मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि दरोगा अजय कुमार गौड़ तीन दिनों से लापता थे, जिनका शव घटनास्थल से लगभग 40 किलोमीटर दूर अयोध्या में सरयू नदी में बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल की खोजबीन सही तरीके से नहीं की, जिससे जांच प्रभावित हुई। झांसी में एडीएम पद पर तैनात मृतक के भाई लगातार इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि मौत डूबने से नहीं हुई है। समाज के लोगों ने इसे एक सुनियोजित हत्या बताते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से अजय गोंड के परिवार को एक करोड़ आर्थिक सहायता और परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देने की मांग भी की गई। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष प्रवीण धुरिया, बाबूराम गोंड, चंदन गोंड, अमित कुमार गोंड, दिनेश गोंड, रवि कुमार, रामतिलक गोंड आदि मौजूद रहे।