20- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए सरयू घाट का निरीक्षण करते समिति के पदाधिकारी व अन्य- संगठन
अयोध्या। केंद्रीय दुर्गापूजा समिति और जिला प्रशासन महोत्सव के साथ-साथ विसर्जन की तैयारी में भी जुट गया है। इसी क्रम में सोमवार की शाम जिला प्रशासन और केंद्रीय समिति के एक संयुक्त दल ने विसर्जन स्थल निर्मली कुंड का निरीक्षण किया। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि विसर्जन का प्लेटफार्म 150 मीटर लंबा बनाया जाए। इसके साथ ही विसर्जन स्थल तक पहुंच मार्ग और विसर्जन घाट पर वाटर प्रूफ पंडाल की व्यवस्था की जाए। प्रमुख संरक्षक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए घाट को इस तरह से तैयार किया जाए कि बारिश होने की स्थिति में भी घाट को कोई क्षति न पहुंचे। घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि निर्मली कुंड पर मात्र तीन फीट पानी होने के कारण से यहां पर विसर्जन होना संभव नहीं है। निरीक्षण के दौरान एडीएम नगर योगानंद पांडेय, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त नागेंद्र यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्रा, गगन जायसवाल, सुप्रीत कपूर, अतुल सिंह, अखिलेश पाठक आदि मौजूद रहे।