महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से निकलते यात्री।
- फोटो : संवाद
अयोध्या। इस भीषण गर्मी में विमानों की देरी यात्रियों की परेशानी का सबब बन गई है। दिल्ली से आने और जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट पिछले तीन दिनों से एक घंटे लेट रहती है। ऐसे में समय पर एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों के लिए टर्मिनल पर इंतजार करना मजबूरी है। यही नहीं विमानों की देरी की वजह से रामनगरी की यात्रा करने आए लोगों का टाइम टेबल बिगड़ जाता है। खासा दिक्कत टैक्सी की बुकिंग के दौरान देखने को मिलती है। वहीं ज्यादातर यात्रियों को विमानों की देरी का स्पष्ट कारण भी पता नहीं लग पाता है।
दिल्ली से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 02:55 बजे और स्पाइसजेट की फ्लाइट शाम 04:00 बजे आनी थी, लेकिन ये दोनों विमान करीब एक घंटे देरी से पहुंचे। इसका असर इधर से जाने वाले विमानों पर भी पड़ा। एयरपोर्ट पर दिल्ली की फ्लाइट से आए संतोष वर्नवाल ने बताया कि फ्लाइट की देरी के चलते उन्होंने जो टैक्सी बुक की थी, वह किसी अन्य यात्री को लेकर चली गई है। ड्राइवर से बात हुई तो उसने बताया कि आपकी फ्लाइट लेट थी, इसलिए वह अगले यात्री को छोड़ने चला गया। आधे घंटे टैक्सी के लिए इंतजार करना होगा। वहीं यात्रियों को इन विमानों की देरी का कारण नहीं पता चल रहा है।
चर्चा है कि दिल्ली में एयर ट्रैफिक की वजह से विमान लेट हो रहे हैं। इस संबंध में एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मौसम की वजह से भी कभी-कभी विमानों की देरी होती है। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि किसी को भी कोई परेशानी न हो।