मकबरा स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ मौजूद अतिथि।
अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्व. जितेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत मकबरा स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला स्केटिंग संघ के सचिव रविंद्र कुमार, फुटबॉल प्रशिक्षक राजीव यादव व वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी उत्तम कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विद्यालय क्रीड़ा समिति की ओर से आयोजित क्रीड़ा समारोह में फुटबॉल, स्केटिंग, क्रिकेट, खो-खो, एथलेटिक्स, टेनिस क्रिकेट और सेपक टकरा सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। समारोह का समापन 30 मई को स्व. जितेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर होगा। फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एफसी ने मकबरा ए को 1-0 से पराजित किया। एफसी की ओर से समृद्धि वर्मा ने निर्णायक गोल किया। दूसरे मैच में विद्यालय क्रीड़ा समिति ने एफसी बी को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मैच में रुद्राणी, प्रणय और मृत्युंजय ने एक-एक गोल दागे।
फाइनल मुकाबला एफसी और विद्यालय क्रीड़ा समिति के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें विद्यालय क्रीड़ा समिति ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के संयोजक अभिषेक सिंह ने बताया कि युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है, जिसमें विभिन्न क्रीड़ा संस्थानों और विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।(संवाद)