एक-दूसरे से फुटबॉल छीनने की कोशिश करतीं खिलाड़ी।
अयोध्या। आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या के तत्वावधान में दो दिवसीय 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता डोगरा रेजीमेंट सेंटर के खेल मैदान पर शुरू हुई। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर और आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें दानापुर ने 18-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
दानापुर की टीम ने मैच के पहले हाफ में 8-0 की बढ़त बनाई थी। पूरे मैच में दानापुर का दबदबा रहा। दानापुर की ओर से अदिति, जिया और तेजस्विनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रामगढ़ टीम की ओर से युक्ता राज और नव्या ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ आर्मी पब्लिक स्कूल के स्टाफ अधिकारी कर्नल तुषार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य धीरज श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी राज भूषण दूबे ने बताया कि अगला मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या और आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ के बीच होगा।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न आर्मी पब्लिक स्कूलों की छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में समन्वयक महेश चंद श्रीवास्तव, सुनीता पांडेय, भरतभूषण मेहता सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद