35-डाभासेमर स्टेडियम में हाईमास्ट लगवाने का कार्य हुआ शुरु।-संवाद
अयोध्या। शहर के प्रमुख खेल केंद्र डाभासेमर स्टेडियम का परिसर जल्द ही रोशनी से जगमग होगा। पूरे स्टेडियम परिसर में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए अब परिसर में 42 बिजली के पाेल लगाए जाएंगे। इसके बाद शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाने वाले स्टेडियम में अब खिलाड़ी देर शाम और रात के समय भी अभ्यास कर सकेंगे।
डाभासेमर स्टेडियम के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र है। प्रतिदिन यहां फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अब तक पर्याप्त रोशनी न होने के कारण सूर्यास्त के साथ ही अभ्यास बंद करना पड़ता था। शाम होते ही परिसर में अंधेरा छा जाने से न केवल अभ्यास प्रभावित होता था, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बनी रहती थीं। प्रशिक्षक रोहित त्रिपाठी का कहना है कि अधिकांश छात्र-खिलाड़ी स्कूल और कॉलेज के बाद ही अभ्यास के लिए समय निकाल पाते हैं। ऐसे में शाम के समय लाइट न होने के कारण उन्हें अभ्यास अधूरा छोड़ना पड़ता था। इसके साथ ही परिसर में रह रही छात्राएं भी अंधेरे में अभ्यास नहीं कर पाती है। कई बार प्रतियोगिताओं की तैयारी भी प्रभावित होती रही है। इस समस्या को लेकर खिलाड़ियों की ओर से लगातार मांग की जा रही थी कि स्टेडियम में स्थायी प्रकाश व्यवस्था की जाए। अब परियोजना निदेशक गिरीश पाठक के निर्देश के बाद पूरे स्टेडियम परिसर में हाईमास्ट लाइट और अन्य आवश्यक प्रकाश व्यवस्था कराए जाने की योजना है। इससे मैदान के साथ-साथ दर्शक दीर्घा और अन्य हिस्से भी रोशन रहेंगे। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि लाइट व्यवस्था पूरी होने के बाद स्टेडियम में नियमित रूप से शाम और रात में भी खेल गतिविधियां संचालित हो सकेंगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डाभासेमर स्टेडियम में संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ी शाम और रात के समय भी निर्बाध अभ्यास कर सकें।