जून, 2012 में भी एक बंदी के भागने की चर्चा
जिला जेल से ही जून, 2012 में भी एक बंदी के भागने की चर्चा रही है। जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत प्रकाशित एक लेख में इसकी पुष्टि हुई है, जिसमें बताया गया है कि जेल से देवराज यादव नामक एक आरोपी जेल प्रशासन को चकमा देकर फरार हुआ था। हालांकि, इससे संबंधित अन्य रिकार्ड उपलब्ध नहीं हो सके।
अब एक बार फिर जिला कारागार में हत्या, डकैती, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में निरुद्ध दो आरोपी बुधवार रात जेल फांदकर भाग निकले। बृहस्पतिवार सुबह बंदियों की गणना के समय इसकी जानकारी हुई तो हलचल मच गई। मामले में वरिष्ठ जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर समेत 11 अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। बंदियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
जिला कारागार के कारापाल जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सुल्तानपुर के करौंदी कला क्षेत्र के अमरे मऊ निवासी शेर अली को हत्या, डकैती, जानलेवा हमला समेत अन्य मामलों में 28 नवंबर, 2024 को बंद किया गया था। वहीं, अमेठी के मुसाफिरखाना निवासी गोलू अग्रहरि दुष्कर्म, छेड़छाड़, चोरी आदि मामलों में 14 सितंबर, 2025 से निरुद्ध था। शेर अली के खिलाफ बीकापुर, जौनपुर के सरपतहा व सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। वहीं, गोलू अग्रहरि के खिलाफ इनायतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज है।