रुदौली। रहीमगंज में जल जीवन मिशन के तहत करीब 2.43 करोड़ रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी के पिलरों में कई जगह दरारें आ गई हैं। टंकी की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री और निर्धारित मानकों की जांच कराने की मांग की है। टंकी का निर्माण करीब एक वर्ष पहले यूनिवर्सल कंपनी ने कराया था। टंकी पर चढ़ने वाली सीढ़ियां भी कई जगह हिल रही हैं।
विभाग ने मामले को तीसरे पक्ष की एजेंसी के निरीक्षण और परीक्षण के लिए भेजा है। जल निगम के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि टंकी में कोई बड़ी क्षति नहीं है। पिलरों में कुछ स्थानों पर क्रैक आए थे, जिन्हें मरम्मत व रखरखाव के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि मरम्मत की प्रक्रिया करीब डेढ़ से दो माह पहले शुरू करा दी गई थी।
सीढ़ियों के संबंध में उन्होंने बताया कि शटरिंग के दौरान सरिया छोड़ने से कुछ स्थानों पर कंक्रीट की सतह असमान हो जाती है। इसी वजह से सीढ़ियों में ऐसी स्थिति दिखाई दे सकती है। इसे भी मरम्मत के दौरान ठीक कराया जाएगा। टंकी से फिलहाल सीधे जलापूर्ति जारी है।