बाबा बाजार। विकास खंड मवई के गणेशपुर ग्राम पंचायत में बनी गोशाला के टिनशेड को कबाड़ में बेचने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर मिलीभगत का आराेप लगाया है। ग्रामीणों की नाराजगी देखते हुए कबाड़ी से टिनशेड जब्त कर गोशाला में दोबारा रखवा दिया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक गोशाला का सामान ई-रिक्शा पर लादकर ले जाया जा रहा था जिसका विरोध किया गया। डायल 112 पर भी सूचना दी गई। आरोप है कि कबाड़ व्यापारी ने सबके सामने 5400 रुपये में सामान खरीदने की बात स्वीकार की है। सूचना पर पंचायत सचिव नुसरत फातिमा भी पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि करीब 15 किलोमीटर दूर बनमऊ के जंगल क्षेत्र से गोशाला का सामान जब्त कराकर दोबारा रखवाया गया। पंचायत सचिव का कहना है कि जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई और सभी सामग्री वापस रखवा दी गई।
थाना प्रभारी शैलेंद्र आजाद ने बताया कि पीआरवी 112 पर सूचना मिली थी। पंचायत सचिव से वार्ता के बाद सामान गोशाला पहुंचा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी संपत्ति की इस प्रकार बिक्री होगी तो योजनाओं की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं खंड विकास अधिकारी भावना यादव ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। सचिव से जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।