गोसाईगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम गौहनिया पंडितपुर निवासी सुरेंद्र की शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी सरिता और 10 वर्षीय पुत्र सक्षम भी गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना से पूरे गांव में शोक व्याप्त हो गया है।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह सुरेंद्र अपनी पत्नी सरिता और 10 वर्षीय बेटे सक्षम के साथ अंबेडकर नगर जिला अस्पताल में भर्ती सास को देखने के लिए बाइक से निकले थे। सुरेंद्र की ससुराल अंबेडकर नगर जनपद के अहिरौली थाना क्षेत्र स्थित खरगपुर गांव में है। अंबेडकर नगर जिला अस्पताल पहुंचने से पहले प्यारेपुर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक डीसीएम वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सरिता और पुत्र सक्षम को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गौहनिया पंडितपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे।
बेसुध हो गई अकेली बची बेटी
मम्मी, पापा और छोटे भाई की मौत की जानकारी होने पर परिवार में अकेली बची 12 वर्षीय बेटी बदहवास जैसी स्थिति में पहुंच गई। वह अपने दादा जियाराम और दादी से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। बेटे, बहू और पोते को खोने के बाद पिता जियाराम का भी रो-रोकर बुरा हाल है। रह रह कर चीखते परिवार वालों को देखते ही हर किसी की आंखें भर आतीं। पूरे गांव में मातम का माहौल है।