अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के यूजी और पीजी फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग बुधवार से शुरू हो गई। डीफार्मा (डिप्लोमा इन फार्मेसी) की काउंसिलिंग पांच अगस्त को धनवंतरी भवन में होगी। इस पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस 60700 रुपये निर्धारित की गई है। एलएलएम की काउंसिलिंग संत कबीर सभागार में दो चरणों में होगी।
छह अगस्त को ओपन वर्ग की रैंक एक से 100 व सभी एससी वर्ग के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी, जबकि सात अगस्त को ओपन वर्ग की रैंक 101 से अंतिम अभ्यर्थी तक को आमंत्रित किया गया है। एलएलएम की वार्षिक फीस 50400 रुपये तय की गई है। बीफार्मा की काउंसिलिंग आठ अगस्त को धनवंतरी भवन में होगी, जिसमें सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी दोनों श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसकी वार्षिक फीस 76850 रुपये निर्धारित है।
एमएड की फीस 59850 रुपये और तीन वर्षीय एलएलबी की फीस 30250 रुपये तय की गई है, हालांकि इन दोनों पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। प्रवेश समन्वयक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 10 से 11 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा। प्रवेश शुल्क ऑनलाइन माध्यम से यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से जमा किया जाएगा। अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्र, एक पासपोर्ट आकार का फोटो और दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी।