अयोध्या। चढ़ावा चोरी के मामले में आरोपियों के विरुद्ध 23 सितंबर को चार्जशीट दाखिल होने के बाद अदालती कार्यवाही शुरू हो गई है। जेल में निरुद्ध आठों आरोपियों पर आरोप तय करने (चार्ज फ्रेम) की कार्यवाही बुधवार को होनी थी, लेकिन आरोपियों के अधिवक्ताओं को पुलिस की ओर से दाखिल आरोप पत्र की प्रतियां नहीं मिल सकीं। इसके चलते अदालत ने चार्ज फ्रेम के लिए 14 अक्तूबर की तारीख तय की है।
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट रजत वर्मा ने 23 सितंबर को विवेचक की ओर से दाखिल 36,039 पन्नों के आरोप पत्र की एक-एक प्रति सभी आरोपियों को उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। बुधवार को अदालत में कार्यवाही के अंतिम पहर दो आरोपियों राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव के अधिवक्ताओं ने आरोप पत्र के कागजात प्राप्त किए।
अदालत में आठों विचाराधीन आरोपियों के विरुद्ध आरोप तय होने के बाद विवेचना के साथ दाखिल 133 गवाहों की सूची में से गवाहों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू होगी।