अयोध्या। कोतवाली क्षेत्र के लता चौक पर दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करना एक ठेकेदार को भारी पड़ गया। रिपोर्ट के अनुसार, गोंडा निवासी ठेकेदार मनिराम अपने मजदूरों के लिए नाश्ता लेने लता चौक पहुंचे थे। इसी दौरान वहां दो पक्षों में विवाद हो रहा था, जिसे शांत कराने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि अभय यादव, आकाश, राज यादव, जीवन यादव समेत सात-आठ अज्ञात लोगों ने गाली देते हुए लाठी-डंडों व सरिया से मनिराम की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे संजय निषाद, करन निषाद, अनुराग निषाद व छोटू निषाद को भी हमलावरों ने पीट दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।