मिल्कीपुर। सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थानाक्षेत्र स्थित लकेहटा पुल के पास डंपर की टक्कर से इनायतनगर के निमड़ी गांव निवासी रमाशंकर (34) की मौत हो गई। रमाशंकर प्रतापगढ़ में विद्युत विभाग में संविदा कर्मी थे। ड्यूटी कर वह शनिवार को घर आ रहे थे।
सुल्तानपुर के बल्दीराय थानाक्षेत्र स्थित लकेहटा पुल के पास रमाशंकर की बाइक में डंपर की टक्कर लग गई। रमाशंकर ड्यूटी से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि रमाशंकर का हेलमेट भी निकलकर दूर जा गिरा। बल्दीराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रमाशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना रमाशंकर के परिजनों को दी है। मृतक अपने पीछे पिता माताप्रसाद, मां मालती, पत्नी उमा और आठ वर्षीय पुत्री आराध्या छोड़ गए हैं। उनका एक भाई शिवशंकर भी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परदेश से लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत
मया बाजार। लखनऊ-वाराणसी रेल प्रखंड के अलनाभारी स्टेशन पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक का शव मिला। माना जा रहा है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। मृतक की पहचान अंबेडकर नगर निवासी हरिश्चंद्र (18) के रूप में हुई है। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक टिकट और आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, हरिश्चंद्र दिल्ली से अपने घर टांडा जा रहा था। सूचना मिलने पर जीआरपी और महराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने घटना की पुष्टि की। (संवाद)