फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: रामपथ से जुड़ी 27 गलियों का निर्माण कार्य पूरा

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि रामपथ से जुड़ी 27 गलियों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। फैंसी लाइट लगाने के दौरान नगर निगम की सड़कों की मानक से अधिक कटाई और मरम्मत न कराए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। डस्टबिन आपूर्ति में अनियमितता की जांच 15 दिन में करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


महापौर शुक्रवार को आयोजित नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में स्वीकृति के सापेक्ष बची हुई फैंसी लाइट लगवाने के लिए पत्राचार करने का निर्णय किया गया। इस मौके पर जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को जोनल कार्यालय स्तर पर बनाने की व्यवस्था के लिए पत्राचार करने का फैसला किया गया।

पार्षद सूर्य कुमार तिवारी सूर्य ने जोनल स्तर पर वार्डों को संबद्ध करने में बरती गई विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। जोनल कार्यालय में टैक्स निर्धारण संबंधी कर्मचारियों की नियमित तैनाती की मांग की। इस पर नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कर विभाग को निर्देश दिया। नामांतरण प्रक्रिया के काफी समय तक लंबित रहने पर जिम्मेदार अफसर को फटकार भी लगाई।
विज्ञापन



पार्षद विशाल पाल ने एक मीटर से अधिक चौड़े नाले की सफाई व्यवस्था का मसला उठाया। अभिनव पांडेय ने झूलेलाल वार्ड में नालों की सफाई ठीक से न होने की शिकायत दर्ज कराई। पार्षदों ने बताया कि अयोध्या प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य के चलते जल निकासी व्यवस्था को ठप कर दिया है। इससे बारिश के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। महापौर ने बताया कि जनौरा, गद्दोपुर व जलवानपुरा में नाले बन चुके हैं। यहां पंप की स्थापना की जा रही है ताकि लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। महापौर ने पार्षद हरिश्चंद्र गुप्त के सुझाव पर राम जानकी मंदिर व ऋषि टोला में एक सप्ताह के भीतर रैंप बनवाने का निर्देश दिया।


नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि बैठक में 851 कॉमर्शियल भवनों को कर संबंधी नोटिस भेजने, डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण व्यवस्था सही करने, खराब हैंडपंप रीबोर करवाने, सफाई व्यवस्था के लिए लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पास किया गया। यह भी तय किया गया कि राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा की निधि से सिंदूर तिराहा विकसित किया जाएगा। इस दौरान उप सभापति राजेश गौड़, सुल्तान अंसारी, गरिमा, प्रिया शुक्ला, अपर नगर आयुक्त वागीश शुक्ल, नागेंद्र नाथ यादव, सुमित कुमार, मुख्य अभियंता पुनीत ओझा व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल मौजूद रहे।

नगर निगम की पांच सदस्यीय कमेटी डस्टबिन आपूर्ति में बरती गई अनियमितता की जांच करेगी। 15 दिन में रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपी जाएगी। इस संबंध में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने निर्देश दिए। कमेटी में अपर नगर आयुक्त वागीश शुक्ल, सुमित कुमार, गुरु प्रसाद पांडेय, पार्षद सूर्य कुमार तिवारी व हरिश्चंद्र गुप्त को शामिल किया गया है।

देवकाली वार्ड के अंजनीपुरम में बनाई गई नगर निगम की सड़क को भारी वाहनों के आवागमन से हो रही क्षति को देखते हुए हाइटगेज लगाने का निर्णय किया गया। इससे केवल सामान्य वाहन ही उस रास्ते पर चल सकेंगे। इस संबंध में कार्यकारिणी का ध्यान पार्षद चंदन सिंह ने आकर्षित कराया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें