अयोध्या। रामघाट स्थित मंदिर में महिला के साथ मिलकर कब्जा करने की साजिश का आरोप है। साथ ही अनैतिक कृत्यों से मंदिर की पवित्रता नष्ट करने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दर्ज एफआईआर में राम झरोखा मंदिर, तपस्वी छावनी के सामने रहने वाले राम प्रसाद दास (68) ने बताया कि वह करीब 25-30 वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। उनके गुरु स्व. राम कमल दास के निधन के बाद वह मंदिर के महंत के रूप में इसकी देखरेख कर रहे हैं। कुछ समय पहले राज कुमार दास उर्फ गुड्डू मंदिर में रेखा नाम की महिला को लेकर आया और उसे अपनी शिष्या बताकर मंदिर में रखने लगा।
विरोध करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश में आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट भी दर्ज है, जिसका मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।