अयोध्या। कांग्रेस ने बिजली के मूल्य में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह वृद्धि महंगाई से जूझ रही आम जनता पर एक और बोझ डालेगी। आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आम आदमी को सस्ती और पर्याप्त बिजली देने में नाकाम रही है। अघोषित बिजली कटौती से लोग पहले ही त्रस्त हैं। इससे आम आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली की दरों में बढ़ोतरी से महंगाई से बेहाल जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। छोटे उद्योग और घरेलू उपकरण अपनी क्षमता के अनुसार नहीं चल पा रहे हैं। इससे तमाम काम प्रभावित हो रहे हैं। सिंह ने कहा कि सरकार को जनहित में तुरंत कदम उठाने चाहिए।
पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने आरोप लगाया कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में पहले ही वृद्धि हो चुकी है। इसके चलते आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ गई हैं। महंगाई के कारण कई परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। गरीब, किसान, मजदूर और निम्न मध्यम वर्ग इससे विशेष रूप से परेशान हैं। उन्होंने जनहित में बिजली की बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की। (संवाद)