फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: पार्किंग के विवाद में पूर्व विधायक और पुलिस में टकराव

Tue, 03 Nov 2026 12:19 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
सीओ से बात पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ।
विज्ञापन
अयोध्या। सिविल लाइंस में सोमवार रात गाड़ी खड़ी करने को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ के भाई और पुलिस के बीच विवाद हो गया। चौकी इंचार्ज पर अभद्रता और गाली देने का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ गया। परिवार से विवाद की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। देर रात तक पूर्व विधायक और उनके समर्थक नगर कोतवाली में मौजूद रहे। सीओ सिटी और नगर कोतवाल से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
विज्ञापन

नगर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पूर्व विधायक का परिवार आया था। सोमवार शाम करीब आठ बजे नगर पालिका के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर पुलिस ने आपत्ति जताई और उसे हटाने को कहा। इसी बात पर पुलिस और उनके भाई विक्की के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज ने विक्की को गाली दी। बीचबचाव करने पहुंचे उसके तीन परिचितों के साथ भी अभद्रता की गई।
मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल मनोज शर्मा ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि विक्की को छोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक देर रात नगर कोतवाली पहुंचे। वहां सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी और नगर कोतवाल मनोज शर्मा के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने चौकी इंचार्ज के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
विज्ञापन


चौकी इंचार्ज को सुधारना होगा व्यवहार : बाबा गोरखनाथ
पूर्व विधायक ने कहा कि सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज के व्यवहार से वह और उनका परिवार आहत है। पुलिस में कुछ लोगों के व्यवहार से विभाग की छवि धूमिल होती है। बातचीत प्रेम से भी की जा सकती है। यह घटना निंदनीय है। पुलिस को जो कार्रवाई करनी है, करे, लेकिन अयोध्या की जनता के साथ बदसलूकी नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था के नाम पर अभद्रता ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जिन युवकों को पकड़कर लाई थी, उनका विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। गाड़ी खड़ी होने से जाम भी नहीं लगा था। इसकी वीडियो भी उपलब्ध है। उनका भाई गाड़ी खड़ी कर बच्चे के लिए कोल्ड ड्रिंक लेने गया था। इसी दौरान गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार में कानून व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाना चाहते, लेकिन चौकी इंचार्ज को अपना व्यवहार सुधारना होगा।

मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए करम अली का पुरवा निवासी जयवंत शर्मा, अभय प्रजापति और अड़गड़ा मोहल्ला निवासी रोहन यादव का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार, तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। इस दौरान रात करीब 12:30 बजे तक गहमा-गहमी का माहौल रहा।


सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व विधायक के भाई की तरफ से आए तीन युवकों ने पुलिस के साथ गाली-गलौज की थी। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों का चालान कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें