37- सरयू घाट का निरीक्षण करते प्रमुख सचिव पर्यटन व संस्कृति- सूचना विभाग
अयोध्या। दीपोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण करने प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने दीपोत्सव स्थलों का निरीक्षण कर सभी कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने सबसे पहले रामकथा पार्क व हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव पर्यटन ने राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी/सेल्फी प्वाइंट और पर्यटन सुविधाओं को देखा। अगले चरण में उन्होंने सरयू नदी के नयाघाट से लक्ष्मण घाट तक पर्यटन सुविधाओं का विकास एवं सुंदरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। पाथवे, आरती स्थल, छतरी में फ्लोरिंग का कार्य एवं स्टेप पर पत्थर लगाने का कार्य तेज करने को कहा। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद अयोध्या समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।