बीकापुर/बाबा बाजार/रुदौली। ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर आस्थावानों ने भंडारों का आयोजन कर विविध प्रकार के प्रसाद वितरित किए। कहीं पूड़ी सब्जी, मीठा शरबत, हलुआ, छोले चावल आदि से बने प्रसाद को ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
बीकापुर नगर में हनुमान जी के कीर्तन भजन तथा स्तुति के साथ कई स्थानों पर प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। श्लोक आश्रम के परिसर में प्रबंधक अवंतश तिवारी सिक्कू एवं महंत जसकरण मिश्र ने मेहमानों को रामनामी गमछा भेंट किया। सानू आभूषण भंडार पर सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप ने प्रसाद वितरित किया। हनुमान मंदिर पर भाजपा की ओर से हुए भंडारे में पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने प्रसाद वितरित कर पुण्य लाभ कमाया। तहसील क्षेत्र के तमाम स्थानों पर भजन कीर्तन भंडारा और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।
बाबा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक अश्वनी ट्रेडर्स व साहू किराना मर्चेंट उमापुर में बड़े मंगलवार के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूड़ी सब्जी के साथ बूंदिया का प्रसाद का आनंद लिया। यहां भंडारा विगत पांच वर्षों से अनवरत चल रहा है।
रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक नगर के दर्जनों स्थानों पर भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। हनुमानगढ़ी पर विपिन गुप्ता जबकि नवाब बाजार क्षेत्र में अभय वैश्य एवं सुशील गुप्ता के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा नगर के विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर भी भंडारे लगाए गए, जहां लोगों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई।