अयोध्या। राम मंदिर परिसर में निर्मित सप्त मंडपम व परकोटा के मंदिरों में श्रीविग्रह की स्थापना गंगा दशहरा यानी पांच जून पर होगी। इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। सीएम इससे पहले 23 मई को भी अयोध्या पहुंचेंगे और हनुमानगढ़ी परिसर में बने हनुमत कथा मंडपम का लोकार्पण करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ आगामी एक पखवाड़े के भीतर दो बार अयोध्या आएंगे। 23 मई को हनुमानगढ़ी में हनुमत कथा मंडपम के लोकार्पण समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने हनुमानगढ़ी जाकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। लोकार्पण समारोह का शुभारंभ 22 मई को ही अनुष्ठानों के साथ हो जाएगा। अधिकारियों ने गद्दीनशीन महंत के शिष्य डॉ. महेश दास, सागरिया पट्टी के उत्तराधिकारी महंत संजय दास सहित अन्य संतों से मिलकर समारोह की रूपरेखा तैयार की।
इस समारोह के बाद राम मंदिर में तीन से पांच जून तक प्राण प्रतिष्ठा समारोह संयोजित है। इस दौरान परकोटा के छह व सप्त मंडपम के सात मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की भी प्राण प्रतिष्ठा होगी। मुख्य कार्यक्रम गंगा दशहरा पर पांच जून को होगा। जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उत्सव में शामिल होंगे। राम मंदिर ट्रस्ट समारोह की तैयारियों में जुटा हुआ है। समारोह में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। सीएम पांच जून को ही मणिरामदास की छावनी में आयोजित राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में भी शामिल होंगे।