हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।-सूचना
- हनुमानगढ़ी में हनुमंत लला के दरबार में लगाई हाजिरी, उतारी आरती
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले रामलला और हनुमानगढ़ी के दरबार में हाजिरी लगाई। राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी देखी। इससे पहले वे रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरे।
यहां से सीएम का काफिला सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचा। सीएम ने हनुमंत लला की पूजा-अर्चना की। पुजारी हेमंत दास ने हनुमान जी की मूर्ति भेंट कर उनका अभिनंदन किया। सीएम ने महंत संतराम दास से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। यहां पुजारी रमेश दास और पुजारी राजू दास ने सीएम का अभिनंदन किया। यहां से सीएम योगी का काफिला राम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुआ।
सीएम ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई और उनकी आरती भी उतारी। इसके बाद मंदिर निर्माण के लिए चल रहे कार्यों को देखा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने उन्हें मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में बताया। साथ ही परिसर में बन रहे अन्य प्रकल्पों की जानकारी दी। करीब 20 मिनट तक सीएम योगी रामलला के दरबार में रहे।
इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय मौजूद रहे।