अयोध्या। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के लिए डीएम निखिल टीकाराम फुंडे की ओर से समय सारणी जारी कर दी गई है। सात जनवरी से 20 फरवरी तक दावे/आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पांडुलिपियां तैयार करना, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करना एवं संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन/निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। 21 फरवरी से 16 मार्च तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी और उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने एवं मतदान केंद्रों/ स्थलों के निर्धारण की कार्रवाई की जाएगी। 17 मार्च से 27 मार्च तक मतदाता सूचियों की कम्प्यूटरीकरण के उपरांत मतदान केंद्र/स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियां कराने का काम होगा। 28 मार्च तक निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूरा कराया जाएगा।