बीएसए को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
अयोध्या जिले में संचालित गैर-मान्यता प्राप्त व मानक विहीन विद्यालयों के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने बीएसए को ज्ञापन सौंपकर ऐसे विद्यालयों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मान्यता विहीन विद्यालय बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। शिक्षक संघ का आरोप है कि जिले में बड़ी संख्या में अवैध विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं, जो शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रावधानों का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। इन विद्यालयों में न तो प्रशिक्षित शिक्षक हैं और न ही आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसके बावजूद अभिभावकों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी 29 जनवरी और 10 जुलाई 2025 को विस्तृत सूची के साथ शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांग
ज्ञापन में शिक्षक संघ ने चार प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें जिले के सभी अवैध विद्यालयों की तत्काल जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराना और विद्यालयों की सूची सार्वजनिक कर अभिभावकों को जागरूक करना शामिल है। ज्ञापन देने के दौरान विकास सिंह, रामजी सिंह, संदीप सिंह, मंजेश मौर्य, चंद्रभान वर्मा, शिव शंकर सोनी, आशुतोष तिवारी, उत्तम सिंह, राज नारायण सिंह, प्रवीण सिंह, प्रदीप सिंह, राजकुमार वर्मा, द्वारकाधीश उपाध्याय, मनोज यादव, शैलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।