अयोध्या। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार को डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने किया। प्राथमिक स्तर की 400 मीटर बालिका दौड़ में गाजीपुर की विदुषी पांडेय ने प्रथम और कासगंज की रोशनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर बालक दौड़ में अमरोहा के कार्तिक ने प्रथम, उन्नाव के संजय ने द्वितीय और गाजीपुर के राजेंद्र ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जूनियर बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में देवरिया की अतिया प्रथम, जौनपुर की शिवांगी यादव द्वितीय और करिश्मा तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर बालक वर्ग 600 मीटर दौड़ में गाजीपुर के आकाश ने प्रथम, रामपुर के अर्जुन ने द्वितीय और बुलंदशहर के अमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न मंडलों से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। सुल्तानपुर की अनुश्री ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई, जबकि मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। बच्चों की ओर से प्रस्तुत स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षकों की रंगोली का मुख्य अतिथि ने अवलोकन किया। कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है और यहां से दिया गया संदेश देश-दुनिया तक पहुंचता है। इसी कारण यह महत्वपूर्ण प्रतियोगिता अयोध्या में आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार खेलों को आत्मनिर्भरता का आधार मानती है और पिछले वर्षों में 500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के माध्यम से सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 50 हजार से लेकर छह करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जा रही है।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं के कारण ग्रामीण अंचल के बच्चे भी ब्लॉक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर नाम रोशन कर रहे हैं। मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस अवसर पर एडी बेसिक कौस्तुभ कुमार सिंह, बीएसए लालचंद सहित कई अधिकारी, शिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।(संवाद)
25-डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दौड़ लगाते खिला
25-डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दौड़ लगाते खिला
25-डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दौड़ लगाते खिला
25-डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में दौड़ लगाते खिला