अयोध्या में सोख्ता गड्ढे में डूबकर बालक की मौत हो गई। घर के बाहर खेलते समय हादसा हुआ। घर के बाहर बना गड्ढा ग्रामसभा की ओर से बनाया गया था। इसका ढक्कन टूट गया था। शव देख घरवाले चीख उठे।
यूपी के अयोध्या में मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे सोख्ता गड्ढे में गिरकर बालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बालक घर के बाहर खेल रहा था। घटना कुमारगंज के हरदोईया पूरे पंडाइन की है। गांव निवासी शिवशंकर के चार वर्षीय पुत्र अनमोल की मौत हुई है। काफी देर तक न दिखने पर उसकी मां संजू उसे खोजने लगीं। पता न चलने पर पति को जानकारी दी।
विज्ञापन
जानकारी होते ही शिवशंकर मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ खोजबीन में जुट गए। रात करीब 9:30 बजे लोगों ने बांस के डंडे को सोख्ता गड्ढे में डालकर घुमाया तो अनमोल की शर्ट उसमे फंस गई। ऊपर खींचने पर उसका शव दिखाई दिया। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। अनमोल मां-बाप की बड़ी संतान था। उनके एक छोटी बेटी रिया है।
चौकी प्रभारी चिलबिली आशीष सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी कार्यवाही से इंकार कर दिया तो शव का पंचनामा करके परिजनों को सौंप दिया गया। सोख्ता गड्ढा करीब 15 वर्ष पूर्व गांवसभा की ओर से बनवाया गया था। इसका ढक्कन टूटने के कारण यह घटना हुई है।