अयोध्या। यश पेपर मिल के केमिकल प्लांट में रविवार को केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे (32) का शव बगास के पानी के टैंक में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को टैंक से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने कंपनी में कार्यरत कुछ लोगों पर हत्या कर शव टैंक में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पल्प मिल इंचार्ज अभिषेक सिंह समेत सात नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन नगर पंचायत निवासी आशीष पिछले करीब चार वर्षों से यश पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह दर्शननगर में किराये का कमरा लेकर रहते थे। आशीष की मां गंगा के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे आशीष ने फोन किया था। उसने इंचार्ज अभिषेक सिंह पर प्रताड़ित करने की बात कही थी। उनकी मां के मुताबिक बेटे ने अभिषेक से बात करने को कहा तो उन्होंने बात भी की थी। कुछ देर बाद रात करीब 1:30 बजे आशीष के दोस्तों ने फोन कर परिवार को तत्काल आने के लिए कहा। परिजन सुबह करीब छह बजे अयोध्या पहुंचे। उनकी मौजूदगी में आशीष का शव टैंक से बाहर निकाला गया।
परिजनों का आरोप है कि शव के कपड़े पाइप में फंसे थे और फटे हुए थे। पैर, सीने और हाथ पर चोटों के निशान भी थे। जूते भी बाहर पड़े मिले। चाचा राकेश शिवहरे ने आरोप लगाया कि आशीष का मोबाइल करीब छह घंटे पानी में पड़े रहने के बावजूद बाहर निकालते ही चालू हो गया। उन्हें आशंका है कि हत्या के बाद शव को टैंक में फेंका गया।
छुट्टी के बावजूद ड्यूटी पर बुलाने का आरोप
बहन ज्योति ने बताया कि शनिवार को आशीष की छुट्टी थी। फिर भी ड्यूटी पर बुलाया गया था। ड्यूटी के दौरान ही उसने मां को फोन किया था। चाचा राजेश और राकेश ने पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई होने तक पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच कई बार कहासुनी हुई। पुलिस ने आशीष का मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में ले लिया है।
वीडियोग्राफी के बीच कराया पोस्टमार्टम
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के आश्वासन और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। पैनल के माध्यम से वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया गया। शाम करीब पांच बजे परिजन शव लेकर रवाना हुए। तहरीर में पल्प मिल इंचार्ज अभिषेक सिंह, देवेंद्र सिंह, अंकुर तिवारी, सतेंद्र सिंह, संदीप सिंह, अमृत और एमडी वेद कृष्ण समेत अज्ञात के नाम शामिल हैं।
रात करीब दो बजे पानी के टैंक में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजनों की ओर से जताई गई आशंकाओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी सिटी