अयोध्या। थाना तारुन क्षेत्र के ग्राम बेनीगद्दोपुर निवासी मानवती (41) की तहरीर पर पुलिस ने शादी और सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि पुत्री संगम के विवाह के सिलसिले में सुदामा नामक महिला ने रामपुर बुजुर्ग, थाना गोसाईगंज निवासी उदयभान यादव से मिलवाया था। उदयभान ने खुद को सेना में अधिकारी बताते हुए भरोसा जीता और घर आना-जाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वर्ष 2023 में उदयभान ने उनकी पुत्री को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये खर्च होने की बात कही। पीड़िता ने उसके झांसे में आकर उदयभान को दो लाख रुपये नकद, उसके पिता चंद्रिका प्रसाद को एक लाख रुपये तथा सर्वेश कुमार को 43 हजार रुपये दे दिए। इसके अलावा रिश्तेदार शिवम यादव के नाम फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर भी रुपये लेने का आरोप है। नियुक्ति पत्र फर्जी पाए जाने पर पीड़िता को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पुलिस ने उदयभान यादव, चंद्रिका प्रसाद और सर्वेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।