अयोध्या। तीन दिवसीय प्रभु झूलेलाल जयंती चेटीचंड का उत्सव 19 से 31 मार्च तक मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारी को लेकर भक्त प्रहलाद सेवा समिति की बैठक शुक्रवार को हुई। समिति अध्यक्ष कन्हैया लाल सागर की अध्यक्षता में रामनगर कालोनी में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। समिति के महासचिव ओमप्रकाश ओमी ने बताया कि नौ दिवसीय झूलेलाल महाआरती एवं भोग प्रसाद, कलश पूजन, स्कूटी रैली, बच्चों व महिलाओं की प्रतियोगिताएं, मुम्बई के कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम व समाज की प्रतिभाओं को पुरस्कार वितरण आदि कार्यक्रम होंगे। ओमी ने बताया कि आठ फरवरी शनिवार को समिति की ओर से सूफी मस्त दरवेश साई राजा हातिम साहिब के 141वें जन्मोत्सव के अवसर पर टकसाल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। बैठक में राकेश तलरेजा, नारायण दास, रमेश मोटवानी, राजकुमार मोटवानी, कन्हैया लाल माखेजा,खानचंद माखेजा, जयरामदास, सुरेश तलरेजा अन्य मौजूद रहे।